आप जैसा कोई मेरी जिंदगी में आए तो…’ ये गाना सभी के जेहन में आज भी है। साल 1980 में निर्देशक फिरोज खान की फिल्म ‘कुर्बानी’ का जब ये गाना हिट हुआ था, तो पूरे भारत में इसकी चर्चा होने लगी थी। लोग हैरान थे कि ये पाकिस्तान की पॉपस्टार नाजिया हसन ने गाया है। सिर्फ नाजिया की आवाज पर ही नहीं लोग उनकी उम्र सुनकर भी दंग रह गए थे। नाजिया की उम्र उस वक्त महज 15 साल की थी। जब उन्होंने ये हिट गाना दिया। आज 3 अप्रैल को नाजिया के जन्मदिन के खास मौके पर हम उनसे जुड़ी कुछ खास बातें आपको बताने जा रहे हैं।

नाजिया पॉप सिंगर थीं। नाजिया को बॉलीवुड में लॉन्च करने वाले फिरोज खान थे। फिरोज खान ने नाजिया को पहली बार लंदन में एक पार्टी के दौरान सुना। उन्हें नाजिया की आवाज इनती पसंद आई कि उन्होंने नाजिया को अपनी फिल्म ‘कुरबानी’ में गाने का मौका दे दिया। इस समय नाजिया महज 15 साल की थीं।

फिल्म ‘कुर्बानी’ में फिरोज खान, विनोद खन्ना, जीनत अमान, अमजद खान, अमरीश पुरी और शक्ति कपूर जैसे स्टार थे। लेकिन इस फिल्म की कामयाबी का एक बड़ा श्रेय पाकिस्तानी सिंगर नाजिया ले गईं। असल में ये गाना सालों तक डिस्को और वहां से निकलकर लोगों की आम पार्टियों का सबसे चुनिंदा गाना बन गया। इस गाने के लिए उन्हें बेस्ट प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। इतना ही नहीं नाजिया को इसके बाद कई फिल्में भी ऑफर हुईं। लेकिन उन्होंने सभी के लिए ना कर दिया। उन्हें फिल्में करने में कोई दिलचस्पी नहीं थी।

नाजिया ने अपने करियर की शुरुआत महज 10 साल की उम्र से कर दी थी। उनका पहला एलबम ‘डिस्को दीवाने’ था जो सुपरहिट हुआ था। नाजिया ने अपने छोटे से सिंगिग करियर में बूम-बूम, यंग तरंग, हॉटलाइन, कैमरा कैमरा नामक कई गाने गाए थे। इसके अलावा नाजिया खुद गीत लिखती भी थीं।

नाजिया का फिल्मी सफर बेहतरीन रहा और उन्होंने बहुत छोटी सी उम्र में ही काफी बड़ा नाम कमा लिया था। लेकिन नाजिया की निजी जिंदगी कुछ खास नहीं रही। नाजिया ने साल 1995 में इश्तियाक बेग से शादी रचाई थी। इश्तियाक एक कारोबारी थे। शादी के दो साल बाद नाजिया ने एक बेटे को जन्म दिया।

दोनों के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा था, इस वजह से नाजिया ने इश्तियाक से तलाक ले लिया। हैरानी की बात तो ये थी कि नाजिया के निधन से महज 10 दिन पहले उनका तलाक हुआ था। नाजिया को महज 30 साल की उम्र में ही कैंसर हो गया था। जिसके बाद उन्होंने पांच सालों तक इस बीमारी के साथ जंग लड़ी। फिर 35 साल की उम्र में 13 अगस्त 2000 को उनका लंदन के ही अस्पताल ही निधन हो गया।
News Source – Amar Ujala