अपनी जीवनी पर फीचर फिल्म ‘एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ बनाकर फिल्म मेकिंग के तमाम कड़वे सबक सीखने वाले क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने इसकी सीक्वेल बनाने से तौबा कर ली है। इसके बजाय उनकी कंपनी धोनी एंटरटेनमेंट अब यशराज फिल्म्स की तर्ज पर ही एक जासूसी दुनिया बसाने जा रही है। फर्क बस ये होगा कि ये जासूसी दुनिया एनीमेशन से बनेगी।

धोनी एंटरटेनमेंट की स्थापना से ही इसके कामकाज पर फिल्म इंडस्ट्री की सजग नजर रही है। ‘अमर उजाला’ ने ही सबसे पहले धोनी की इस कंपनी की अंधेरी पश्चिम में स्थापना की खबर दी थी। कंपनी ने अपना दफ्तर वर्सोवा मेट्रो स्टेशन के बिल्कुल पास में एक पॉश इमारत में खोला है। ये कंपनी खुलने से पहले धोनी का सारा काम उनके पुराने मित्र अरुण पांडे देखा करते थे। दोनों ने मिलकर भी एक फिल्म निर्माण कंपनी खोली थी लेकिन अब दोनों के रास्ते इस मामले में अलग हो चुके हैं।

जानकारी के मुताबिक धोनी एंटरटेनमेंट के कामकाज से अरुण पांडे को बिल्कुल अलग रखा गया है और इस कंपनी का सारा काम अब धोनी की पत्नी साक्षी संभाल रही हैं। साक्षी ने बीडब्लूओ नाम की एक कंपनी के साथ एक एनीमेटेड जासूसी दुनिया बनाने का करार किया है। दोनों कंपनियों ने मिलकर इस फिक्शन शो का नाम रखा है, ‘कैप्टन सेवेन’। इसका पहला संस्करण धोनी पर ही आधारित होगा।

क वेब सीरीज की तरह बन रहे शो ‘कैप्टन सेवेन’ के बारे में ये भी पता चला है कि इसका काम शुरू हो चुका है और इसका पहला सीजन अगले साल रिलीज किया जाएगा। धोनी के इस पहले कभी न देखे गए अवतार को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। खुद धोनी कहते हैं, “इसकी कहानी और इसका विचार बहुत अच्छा है। ये क्रिकेट के अलावा मेरे जो दूसरे शौक हैं जीवन के, उन्हें सामने लाएगी।”

धोनी एंटरटेनमेंट के साथ ये सीरीज बनाने का समझौता करने वाली कंपनी बीडब्लूओ दरअसल ब्रांड कंसल्टिंग कंपनी रही है। मनोरंजन की सामग्री बनाने का उसका ये पहला अनुभव होगा। कंपनी का इरादा इस कहानी का हर साल एक नया संस्करण रिलीज करने का है। बताया ये भी जाता है कि ‘कैप्टन सेवेन’ का पहला संस्करण फिल्म ‘पठान’ से पहले रिलीज करने की तैयारी है जिसके जरिए यशराज फिल्म्स अपनी जासूसी दुनिया बनाने की कोशिश कर रही है।
Source – amarujala